रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने आगामी जनगणना 2027 के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर अस्थाई रोक लगा दी है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने निर्देश जारी कर कहा है कि जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) में तैनात किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का अगले 6 महीने अथवा कार्य पूरा होने तक स्थानांतरण न किया जाए।

सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव मनोज कुमार जयसवार द्वारा जारी यह परिपत्र शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों, संभागायुक्तों और जिला कलेक्टरों को भेजा गया है।


जनवरी-फरवरी 2027 में होगा फील्ड वर्क

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का मैदानी कार्य (फील्ड वर्क) जनवरी और फरवरी 2027 में संपन्न कराया जाना है। इसके सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला, अनुविभाग और तहसील स्तर पर अधिकारियों व कर्मचारियों का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा चुका है।


प्रशिक्षण की विस्तृत समय-सारणी

12 अक्टूबर 2026 से: जिला जनगणना अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों और तहसील स्तर के चार्ज अधिकारियों का सघन प्रशिक्षण शुरू हो चुका है।

नवंबर 2026: मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

1 दिसंबर 2026 से: फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा।

16 दिसंबर 2026 से: प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) को जनसंख्या गणना की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत ट्रेनिंग दी जाएगी।


6 महीने तक तबादलों पर रोक क्यों?

सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, यदि प्रशिक्षित अमले का तबादला कर दिया जाता है, तो जनगणना कार्य की गुणवत्ता, निरंतरता और समय-सीमा प्रभावित हो सकती है।

इसी वजह से निर्देश दिया गया है कि जिला एवं चार्ज अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक और पर्यवेक्षक सहित जनगणना कार्य में संलग्न किसी भी कार्मिक का आगामी 6 महीने अथवा जनगणना कार्य पूर्ण होने तक (जो भी पहले हो) यथासंभव स्थानांतरण न किया जाए।