गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। मैनपुर विकासखंड के एक सरकारी स्कूल में दो शिक्षकों के स्कूल कार्यालय के भीतर कथित रूप से शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह मामला मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) का है। वायरल वीडियो में स्कूल के शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान कार्यालय के अंदर कथित रूप से शराब पीते और नाश्ता करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जबकि नियमित पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी सामने आ रही है।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय विद्यालय के तीन शिक्षक अवकाश पर थे। आरोप है कि शेष दोनों शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाय कार्यालय में कथित शराब पार्टी कर रहे थे। यह भी दावा किया जा रहा है कि दोनों शिक्षक निर्धारित ड्रेस कोड के स्थान पर टी-शर्ट और कार्गो जींस पहनकर स्कूल पहुंचे थे।
वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है। यदि जांच में वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
विद्यालय बच्चों के लिए शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का केंद्र माना जाता है। ऐसे में स्कूल परिसर के भीतर इस तरह की कथित गतिविधियां सामने आने से शिक्षा व्यवस्था की साख पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब सभी की निगाहें विभागीय जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।





