रायपुर, 5 नवंबर 2026। देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले अग्निवीरों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार की ओर से अग्निवीरों का सेवाकाल दो वर्ष बढ़ाने के फैसले का छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत किया है। उन्होंने इस पहल को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सशस्त्र बलों की मजबूती की दिशा में अहम कदम बताया है।

चार के बजाय छह वर्ष तक सेवा का अवसर

अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीरों की प्रारंभिक नियुक्ति चार वर्षों के लिए की जाती है। नई व्यवस्था से जुड़े फैसले के अनुसार, अग्निवीरों को दो वर्ष अतिरिक्त सेवा देने का अवसर मिल सकेगा। इससे उन्हें सैन्य प्रशिक्षण के साथ अपने अनुभव और दक्षता को और बेहतर बनाने का मौका मिलेगा।

युवाओं के हित में महत्वपूर्ण फैसला : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे देशसेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही सशस्त्र बलों को प्रशिक्षित और अनुभवी जवानों की सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। अग्निवीरों के सेवाकाल में विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

छत्तीसगढ़ में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। इससे सैन्य सेवा पूरी करने वाले युवाओं को प्रदेश में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों को अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और राष्ट्र की सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।