दुर्ग। पूजा-पाठ से पारिवारिक समस्याओं का समाधान कराने और शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। भिलाई नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन बधोरिया को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोप है कि आरोपी ने महिला से अलग-अलग बहानों से लाखों रुपये लिए और जब उसने रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी देकर डराने लगा। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।


पूजा-पाठ और निवेश के नाम पर बनाया भरोसा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि पीड़ित महिला ने पुलिस को शिकायत में जानकारी दी कि वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पवन बधोरिया से हुई थी।

बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों के बारे में आरोपी को बताया। इस पर आरोपी ने खुद को समस्या समाधान करने वाला बताते हुए पूजा-पाठ और धार्मिक उपायों के जरिए परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाया।

इसके बाद आरोपी ने महिला से पूजा-पाठ, निजी जरूरतों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब 85 लाख रुपये ले लिए।


दो साल बाद भी नहीं मिला पैसा और न मुनाफा

महिला का आरोप है कि करीब दो साल बीत जाने के बाद भी उसे न तो शेयर ट्रेडिंग से कोई लाभ मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब उसने आरोपी से पैसे लौटाने की मांग की तो पहले उसने नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बाद में धमकी देकर रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया।


डराकर अवैध वसूली का भी आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला को धमकाकर अवैध रूप से रुपये वसूलने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 308(3) भी जोड़ी गई।

पीड़िता की शिकायत पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 351(3) और 308(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।


इंदौर से दबोचा गया आरोपी

पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर इंदौर पहुंचकर आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी जब्त किया है।

पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, लेनदेन और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।