रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने शनिवार सुबह बीएसयूपी कॉलोनियों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 350 मकानों की जांच की और 8 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। इनमें मारपीट के एक मामले में पिछले आठ महीने से फरार आरोपी भी शामिल है।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में यह अभियान सुबह 4:30 बजे से 9:00 बजे तक चलाया गया। अभियान के तहत बीएसयूपी लाभांडी, बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) और देवार डेरा क्षेत्र में सघन जांच की गई।

इस दौरान थाना तेलीबांधा और पुलिस लाइन के 80 से अधिक अधिकारी एवं जवान कार्रवाई में शामिल रहे। पुलिस ने बिना सत्यापन के रह रहे किरायेदारों, ऐसे किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों तथा बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया।

जांच के दौरान मिले सभी संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को "समाधान" मोबाइल ऐप की भी जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों से किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।