गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल में हाथियों की मौजूदगी को लेकर वन विभाग ने नया आकलन जारी किया है। ड्रोन से किए गए सर्वे में क्षेत्र के भीतर कुल 62 हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। हाथियों की इतनी बड़ी संख्या सामने आने के बाद वन विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक, इससे पहले वन विभाग हाथियों की संख्या करीब 55 मान रहा था। लेकिन हाथियों के अलग-अलग समूहों में बंटकर विचरण करने के कारण उनकी सटीक गणना नहीं हो पा रही थी। ऐसे में विभाग ने ड्रोन कैमरे के जरिए हवाई सर्वे कराया। इस प्रक्रिया में हाथियों की कुल संख्या 62 दर्ज की गई।

अलग-अलग समूहों में कर रहे विचरण

हाथियों का दल मरवाही वन मंडल के विभिन्न इलाकों में आवाजाही कर रहा है। इनके लगातार स्थान बदलने से वन अमले को भी विशेष निगरानी रखनी पड़ रही है। वनमंडलाधिकारी (DFO) आईएफएस कुमार निशांत ने ड्रोन सर्वे के आधार पर हाथियों की संख्या की पुष्टि की है।

फसल नुकसान से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

हाथियों की मौजूदगी का असर आसपास के गांवों में भी दिखाई दे रहा है। खेतों में पहुंच रहे हाथियों से किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। वहीं, ग्रामीणों को भी हाथियों की आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीमें और हाथी मित्र दल लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक नहीं जाने, उनके रास्ते में बाधा नहीं डालने और किसी भी तरह की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की सलाह दी जा रही है।

वन विभाग के सामने अब हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा और फसलों को बचाने की चुनौती है।