कोरबा में रेत खदानों के आवंटन को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा, कुदमुरा-2 के लिए सबसे अधिक 241 आवेदन; ऑनलाइन नीलामी के बाद लॉटरी से हुआ चयन
कोरबा, 30 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रेत खदानों के आवंटन को लेकर दावेदारों के बीच होड़ मच गई। जिले की तीन रेत खदानों के लिए 488 लोगों ने अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन लॉटरी में केवल तीन दावेदारों के नाम निकले। खनिज विभाग ने ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया के बाद पात्र आवेदकों में से लॉटरी के माध्यम से अधिमानी बोलीदारों का चयन किया।
एक खदान के लिए 241 दावेदार
जिले की भिलाईखुर्द, कुदमुरा-2 और चारपारा रेत खदानों के लिए ऑनलाइन रिवर्स ऑक्शन कराया गया था। सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा कुदमुरा-2 खदान के लिए देखने को मिली, जहां 241 दावेदारों ने हिस्सा लिया। लॉटरी में महासमुंद जिले के गढ़फुलझर निवासी हरजिंदर सिंह का नाम निकला।
वहीं, भिलाईखुर्द खदान के लिए 115 आवेदकों में से कोटमीकला निवासी आशीष कुमार गुप्ता का चयन हुआ। चारपारा खदान के लिए 132 दावेदार मैदान में थे, जिनमें पलसापाली निवासी जुगेश्वर बाग को सफलता मिली।
ऑनलाइन नीलामी के बाद निकाली गई लॉटरी
खनिज विभाग ने 28 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के तहत नीलामी प्रक्रिया आयोजित की थी। निर्धारित 200 रुपये की अधिकतम सीमा के मुकाबले बोली 50 रुपये तक पहुंची। इसके बाद पात्र बोलीदारों के बीच लॉटरी निकालकर तीनों खदानों के लिए नाम तय किए गए।
खदान संचालन से पहले लेनी होगी अनुमति
लॉटरी में चयनित दावेदारों को खदान संचालन के लिए निर्धारित नियमों के तहत आवश्यक अनुमतियां और स्वीकृतियां प्राप्त करनी होंगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही खदानों में रेत उत्खनन शुरू किया जा सकेगा।
खनिज विभाग के अनुसार, पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई गई है, ताकि खदान आवंटन में पारदर्शिता बनी रहे।





