रायपुर, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग से जुड़ी बड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। जगदलपुर के बाद अब रायपुर स्थित चौथी वाहिनी की वेतन शाखा में करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये के कथित गबन का खुलासा हुआ है। आरोप है कि वेतन शाखा में पदस्थ रहे आरक्षक कमलेश कुमार साहू ने विभागीय राशि अपनी मां के बैंक खाते में ट्रांसफर की। मामले में माना थाना पुलिस ने आरोपित आरक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांच वर्षों के दौरान 1.18 करोड़ रुपये के गबन का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कथित वित्तीय गड़बड़ी 1 नवंबर 2012 से 1 अप्रैल 2017 के बीच हुई थी। इस अवधि में आरक्षक कमलेश कुमार साहू चौथी वाहिनी की वेतन शाखा में कार्यरत था।
आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए विभागीय राशि को अपनी मां के बैंक खाते में अंतरित किया। इस दौरान कुल 1 करोड़ 18 लाख रुपये का कथित गबन किए जाने की बात सामने आई है।
वेतन शाखा में पदस्थ आरक्षक की भूमिका जांच के घेरे में
मामले के सामने आने के बाद वेतन भुगतान और वित्तीय लेनदेन की प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम किस प्रक्रिया के तहत बैंक खाते में ट्रांसफर हुई और संबंधित अवधि में वित्तीय लेनदेन की निगरानी किस स्तर पर की जा रही थी।
माना थाने में प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
कथित गबन की जानकारी सामने आने के बाद माना थाना पुलिस ने आरक्षक कमलेश कुमार साहू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक खातों में हुए लेनदेन और विभागीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित वित्तीय अनियमितता में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता तो नहीं रही।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही रकम के हस्तांतरण की वास्तविक परिस्थितियां और अन्य संभावित जिम्मेदारियां स्पष्ट हो सकेंगी।





