रायगढ़। घरघोड़ा थाना पुलिस ने बाइक और मोबाइल चोरी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विकास कुमार चौहान (29), निवासी चुहकीमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक विकास यूट्यूब चैनल भी संचालित करता है, लेकिन लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस उस तक पहुंच गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामला 29 जून 2026 का है। फुलीकुण्डा निवासी बसंत राठिया खाद खरीदने घरघोड़ा आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल जैन पंडा के घर के सामने खड़ी की थी। बाइक के हैंडल में टंगे झोले में रेडमी मोबाइल रखा था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब मिले। इस संबंध में 23 जुलाई को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

पहले पकड़ा गया था साथी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहा है। पुलिस ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग पर शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महेश ने विकास चौहान के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और करीब 20 हजार रुपये कीमत का मोबाइल बरामद किया गया।

यूट्यूब चैनल पर भी रखी गई नजर

वारदात के बाद से विकास फरार चल रहा था। पुलिस को जांच में जानकारी मिली कि वह यूट्यूब चैनल चलाता है। इसके बाद उसकी ऑनलाइन गतिविधियों के साथ ही संभावित ठिकानों पर नजर रखी गई। एक सितंबर को मुखबिर से उसके चुहकीमार गांव में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस के ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत की गई।