बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गणेश उत्सव के बीच हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास डीजे साउंड को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 14 सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) के बीच साउंड सिस्टम को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान अमन ने चाकू निकालकर आकाश के सीने पर कई वार कर दिए।
खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरा युवक
चाकू के हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद गणेश पंडाल के आसपास अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। घायल आकाश को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी अमन सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में डीजे और साउंड सिस्टम को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया गया है।





