बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि विवाद रोकने से नाराज युवक कुछ देर बाद बटनदार चाकू लेकर लौटा और बीच-बचाव करने वाले युवक के पेट में वार कर दिया। घायल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बहतराई नया तालाब के पास हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, बहतराई गली नंबर-2 निवासी अरुण कुमार यादव ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि बुधवार रात करीब 8:30 बजे उनका बेटा महेंद्र उर्फ गोलू यादव (36) टहलने के लिए घर से निकला था।
महेंद्र जब बहतराई नया तालाब के पास पहुंचा, तब गांव का ही राहुल यादव अपनी पत्नी के साथ विवाद करते हुए घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा था।
बीच-बचाव करने पर हुआ विवाद
महेंद्र ने झगड़ा बढ़ता देख बीच-बचाव करने की कोशिश की और राहुल को गाली-गलौज करने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद राहुल वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह बटनदार चाकू लेकर वापस पहुंचा।
पेट में चाकू लगने से गंभीर घायल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
आरोपी राहुल यादव गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी राहुल यादव के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।





