रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में मंगलवार सुबह हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। रामभाठा स्थित पुराने बस डिपो परिसर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान धनुर्जय चौहान के रूप में हुई है, जो संजय मैदान क्षेत्र का रहने वाला था। युवक की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशे के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस को वारदात में दो से तीन संदिग्धों के शामिल होने का शक है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुराने बस डिपो में नशेड़ियों का जमावड़ा

बताया जा रहा है कि रामभाठा का पुराना बस डिपो परिसर लंबे समय से नशेड़ियों के जमावड़े को लेकर चर्चा में रहा है। इसी वजह से पुलिस नशे के दौरान हुए विवाद के एंगल पर भी जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है।

FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

हत्या की सूचना पर FSL टीम भी घटनास्थल पहुंची। टीम ने मौके की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद हत्या की असली वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।