अंतागढ़। छत्तीसगढ़ के अंतागढ़ में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़े पुल के पास नदी में एक युवक काफी देर तक बेसुध हालत में पड़ा दिखाई दिया। दूर से युवक को देखकर लोगों ने उसके डूबने की आशंका जताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नदी से बाहर निकालने की तैयारी शुरू की।

रेस्क्यू से पहले शरीर में हुई हलचल

पुलिसकर्मी जैसे ही युवक को बाहर निकालने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसके शरीर में अचानक हलचल हुई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला। जांच में पता चला कि युवक की मौत नहीं हुई थी, बल्कि वह शराब के नशे में बेसुध था।

ट्रक चालक है रामसाय यादव

युवक की पहचान करीब 27 वर्षीय रामसाय यादव, निवासी ग्राम सुरवाही के रूप में हुई। वह अंतागढ़ में एक व्यापारी के यहां ट्रक चालक का काम करता है। रिपोर्ट के अनुसार, विश्वकर्मा जयंती के कारण उस दिन ट्रक का काम बंद था। इसी दौरान उसने शराब पी और नहाने के लिए नदी में चला गया।

नदी में ही सो गया युवक

बताया गया कि अधिक नशा होने के कारण रामसाय नदी के भीतर ही बेसुध होकर सो गया। जिस स्थान पर वह पड़ा था, वहां उसका चेहरा पानी से बाहर था, जबकि शरीर का अधिकांश हिस्सा पानी में था। वह करीब एक घंटे तक इसी अवस्था में पड़ा रहा, जिससे लोगों को लगा कि उसकी डूबने से मौत हो गई है।

थाने ले जाकर दी समझाइश

युवक के जीवित मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस उसे थाने लेकर गई और समझाइश देने के बाद छोड़ दिया। नदी में नशे की हालत में इस तरह सो जाने की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।