अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दुर्गा पूजा और जागरण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का मामला सामने आया है। अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक पर सड़क पर बांधी गई रस्सी की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने दुर्गा पूजा आयोजन समिति के दो सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाइक से गुजर रहे थे युवक, अचानक हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शहर के जयस्तंभ चौक पर दुर्गा पूजा के साथ जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए सड़क पर रस्सी बांधी गई थी। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे दो युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में मायापुर निवासी फैजान खान की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।

समिति के दो सदस्यों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। कोतवाली पुलिस ने आयोजन समिति से जुड़े सुरेश कनौजिया और संदीप अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सड़क पर रस्सी किसकी जिम्मेदारी में बांधी गई थी और सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे।

हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

इस घटना के बाद सार्वजनिक सड़कों पर होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आयोजन स्थलों पर पर्याप्त चेतावनी संकेत और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था नहीं होने से गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।