अंबिकापुर। सरगुजा जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 50 वर्षीय विजय गुप्ता को गिरफ्तार कर बाइक चोरी के पांच मामलों का पर्दाफाश किया है। आरोपी के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

स्टेडियम के बाहर से बाइक चोरी होने पर शुरू हुई जांच

जानकारी के अनुसार, महुआपारा निवासी आदित्य कुजूर ने 12 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल गांधी स्टेडियम के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का पता नहीं चलने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की घेराबंदी में पकड़ा गया आरोपी

शिकायत के बाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विजय गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शहर के अलग-अलग स्थानों से पांच मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की।

बताया गया है कि आरोपी बिहार के रोहतास जिले का मूल निवासी है और वर्तमान में अंबिकापुर के केदारपुर क्षेत्र में रह रहा था।

पांच मोटरसाइकिलें जब्त, न्यायालय में पेश किया आरोपी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर होंडा ड्रीम युगा, बजाज सीटी, स्प्लेंडर प्लस और दो होंडा ड्रीम शाइन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।