जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 420 Alprazolam टैबलेट बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 1.68 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से नशीली गोलियां लेकर जगदलपुर में खपाने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक ओडिशा की ओर से अड़ावाल होते हुए बाइक से जगदलपुर आ रहा है। उसके पास प्रतिबंधित नशीली गोलियां होने की सूचना थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध युवक की तलाश शुरू की।
पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने लगाया चेकिंग प्वाइंट
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर बोधघाट पुलिस की टीम ने ओडिशा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर स्प्लेंडर प्लस बाइक क्रमांक CG 17 KU 6721 पर सवार युवक को रोक लिया गया।
पूछताछ में युवक की पहचान बादल नाग उर्फ टिन्नी (20), निवासी दंतेश्वरी वार्ड, बैला बाजार, जगदलपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास मौजूद झोले से Alprazolam टैबलेट की 28 पत्तियां मिलीं। इनमें कुल 420 गोलियां थीं।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने नशीली गोलियां जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। बोधघाट थाना पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नशीली दवाओं की खेप कहां से मिली और इसे जगदलपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।





