बिलासपुर। शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बटनदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों और अपने परिवार के सदस्यों में दहशत फैला रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से स्टील का बटनदार चाकू जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को सरकंडा थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मी चौक चिंगराजपारा में एक युवक हाथ में धारदार बटनदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहन कोसले (18), निवासी गुरुघासीदास चौक चिंगराजपारा, सरकंडा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से स्टील का बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियार रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1294/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है। उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूमने और लोगों में दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





