दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 24 वर्षीय युवती की आत्महत्या के मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डिपरापारा निवासी पायल निर्मलकर ने कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर अपनी जान दे दी। घटनास्थल से छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखा सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। इसमें एक युवक पर परेशान करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक पर शादी और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि योगी नाम का युवक पिछले करीब दो महीने से पायल को परेशान कर रहा था। वह युवती पर शादी और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। आरोप है कि युवक निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर उसे डराता था।
परिवार के मुताबिक, युवक पायल के माता-पिता और भाई को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी देता था। इससे युवती काफी परेशान रहने लगी थी।
सुसाइड नोट में छलका दर्द, परिवार से मांगी माफी
घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट में पायल ने छत्तीसगढ़ी भाषा में अपनी परेशानी का जिक्र किया है। नोट में युवक द्वारा विश्वास तोड़ने, धमकाने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं।
युवती ने अपने परिवार से माफी मांगते हुए संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की जांच कर रही है।
काम से लौटा भाई तो घर में मिला शव
जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन पायल ने तबीयत खराब होने की बात कही थी और काम पर नहीं गई थी। उस समय वह घर में अकेली थी।
शाम को भाई ड्यूटी से वापस लौटा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों की सहायता से दरवाजा खोला गया। अंदर पायल मृत अवस्था में मिली।
परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मोबाइल से मिले अहम सुराग, डिजिटल साक्ष्यों की जांच
पुलिस को युवती के मोबाइल फोन में कुछ तस्वीरें, संदेश और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े स्क्रीनशॉट मिलने की जानकारी है। इनकी जांच के जरिए युवक और युवती के बीच संपर्क तथा अन्य परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले पायल की सहेली ने युवक द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी दी थी। हालांकि, पायल ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि वह मामला स्वयं सुलझा लेगी।
पुलिस जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, सुसाइड नोट और मोबाइल से मिले साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। युवक पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद तथ्यों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। युवक के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच का विषय हैं।





