बिलासपुर। जिले के तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भरारी के शासकीय प्राथमिक शाला तेलियापुरान में छोटे बच्चों से पानी से भरी भारी बाल्टी उठवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और उनसे शारीरिक काम कराए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


शौचालय तक पानी ले जाने को कहा गया

जानकारी के अनुसार, स्कूल के छोटे बच्चों से शौचालय में पानी भरकर ले जाने का काम कराया जा रहा था। बच्चों के हाथ में जो बाल्टी दिखाई दे रही है, उसकी क्षमता करीब 15 से 20 लीटर बताई जा रही है। वीडियो में बच्चे बाल्टी का वजन अधिक होने के कारण उसे ठीक से उठा नहीं पा रहे और जमीन पर रखकर खींचते हुए आगे ले जाते नजर आ रहे हैं।


बच्चों ने बताया- सर ने पानी भरकर लाने को कहा

मामले को लेकर बच्चों से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि शिक्षक ने उनसे बाथरूम का दरवाजा खोलकर पानी भरकर लाने और बाद में दरवाजा बंद करने के लिए कहा था। बच्चों के इस बयान के बाद स्कूल की कार्यप्रणाली को लेकर और सवाल उठे हैं।


सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता

मामला सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों से इतनी भारी बाल्टी उठवाना उनकी सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है। भारी वजन उठाने या पानी से भरी बाल्टी खींचने के दौरान बच्चों के फिसलने या चोटिल होने का खतरा बना रहता है।


स्कूल प्रबंधन का पक्ष नहीं आया सामने

फिलहाल इस मामले में स्कूल प्रबंधन या संबंधित शिक्षक की ओर से कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। संबंधित बीईओ दीपक कुमार गुप्ता से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक जवाब नहीं मिल सका। अब नजर शिक्षा विभाग की संभावित जांच और आगे की कार्रवाई पर है।