रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। 48 वर्षीय महिला की अर्द्धनग्न अवस्था में लाश घर के पास झाड़ियों में मिली। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद से महिला का पति लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ के मस्जिदपारा निवासी राजकुमारी चौहान (48) का शव घर के बाहर झाड़ियों में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन सुबह उनकी बेटी रोज की तरह स्कूल चली गई थी। दोपहर में जब वह घर लौटी तो उसकी मां घर पर नहीं थीं। परिजनों और आसपास के लोगों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद झाड़ियों में महिला का शव दिखाई दिया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

पति से विवाद की बात आई सामने

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से एक रात पहले महिला और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद से महिला का पति मोहब्बत चौहान घर से गायब बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और उससे पूछताछ के बाद ही मामले की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।