जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में बड़ा कदम उठाया गया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आम लोगों से भी उसकी जानकारी साझा करने की अपील की है।

अधिक मुनाफे का झांसा देकर कराया निवेश

पुलिस के अनुसार, आरोपी पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा और आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया। निवेशकों का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गया और किसी का पैसा वापस नहीं किया।

दो थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

आरोपी के खिलाफ बम्हनीडीह थाना में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 406 और 34 के तहत मामला दर्ज है। वहीं चांपा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 111(1) और 3(5) के तहत अलग प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस ने पहले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया था, लेकिन बाद में वह लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके चलते चांपा थाना के मामले में स्थायी गिरफ्तारी वारंट और बम्हनीडीह थाना के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं।

अन्य मामलों में भी जारी हैं वारंट

पीयूष जायसवाल के खिलाफ बिलासपुर न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) की धारा 138 के तहत भी मामला लंबित है। इसके अलावा कोरबा न्यायालय में दर्ज कई अन्य मामलों में भी उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

गृह मंत्रालय ने जारी किया लुक आउट सर्कुलर

आरोपी के लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। इसके तहत देश के सभी एयरपोर्ट, बंदरगाहों और अंतरराष्ट्रीय सीमा चौकियों पर उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि देश छोड़ने की किसी भी कोशिश को रोका जा सके।

पुलिस ने जनता से मांगी मदद

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश लगातार जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।