कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल (SECL) के बलगी सब स्टेशन में देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। 15 से 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया और उसका मोबाइल सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
देर रात सब स्टेशन में घुसे बदमाश
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:10 बजे 15 से 20 नकाबपोश बदमाश सब स्टेशन परिसर में घुस आए। बदमाशों के हाथों में डंडे, चाकू और लोहे की रॉड थीं। उन्होंने गार्ड पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
संजय कुमार ने बताया कि सब स्टेशन में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन रात में उन्हें अकेले ही ड्यूटी करनी पड़ती है। इससे उनकी सुरक्षा हमेशा खतरे में बनी रहती है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। इसके अलावा परिसर में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं।
पुलिस जांच में जुटी
बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




