कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डिपरापारा में बिजली के खंभे पर चढ़े एक व्यक्ति की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


मजदूर की करंट लगने से हुई मौत

मृतक की पहचान 40 वर्षीय लवकुश के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ डिपरापारा में रहता था।


11 केवी लाइन की चपेट में आया

जानकारी के अनुसार, शनिवार को बारिश के दौरान लवकुश घर के बाहर स्थित करीब 10 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर दीवार के सहारे चढ़ गया। इसी दौरान वह 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


पत्नी से विवाद के बाद उठाया कदम?

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ देर पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद लवकुश के बिजली के खंभे पर चढ़कर हाईटेंशन तार को छूने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।