बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में राजस्व अभिलेखों के संधारण में अनियमितता पाए जाने पर महिला पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित एसडीओ (राजस्व) ने पटवारी अंबा उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
प्रशासन के अनुसार राजस्व रिकॉर्ड के परीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं। जांच में यह पाया गया कि अभिलेखों के रखरखाव और अद्यतन करने में आवश्यक सावधानी नहीं बरती गई, जिससे शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे थे। इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद एसडीओ (राजस्व) ने महिला पटवारी के खिलाफ निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नियमानुसार निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व कार्यों में लापरवाही, रिकॉर्ड संधारण में अनियमितता और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।





