रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस और नगर सेना के अधिकारियों एवं जवानों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर्तव्यनिष्ठा, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को पदक और राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए।


रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक

रक्षित केंद्र धमतरी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठापूर्ण सेवा और आधारभूत प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक-2026’ प्रदान किया गया।

लंबे सेवाकाल के दौरान उनके योगदान को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।


10 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक

अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सराहनीय सेवा और आधुनिक नवाचारों में बेहतर कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026’ से सम्मानित किया गया।

सम्मान पाने वालों में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल, रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह, एटीएस नवा रायपुर की एसपी राजश्री मिश्रा, रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई की सेनानी निवेदिता पॉल, 20वीं वाहिनी महासमुंद की सेनानी मनीषा ठाकुर रावटे, रायपुर पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, विशेष आसूचना शाखा नवा रायपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उनैजा खातून अंसारी, प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई के सहायक सेनानी जयलाल मरकाम और 20वीं वाहिनी महासमुंद के प्लाटून कमांडर हजारी लाल साहू शामिल हैं।


बाढ़ में लोगों की जान बचाने वाले जवान भी सम्मानित

आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नगर सेना के जवानों को भी सम्मान मिला।

नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ के दौरान किए गए बचाव कार्य और नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी एवं प्रशिक्षण कार्य के लिए ‘गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026’ प्रदान किया गया।


महिला-बाल सुरक्षा में बेहतर काम करने वालों को पुरस्कार

कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति और महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को भी राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों से नवाजा गया।

जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद यादव को ‘गुरु घासीदास पुरस्कार’ के तहत 50 हजार रुपये नकद और बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को कमजोर वर्गों तथा महिला-बाल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘राज्यपाल पुरस्कार’ और ‘रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। दोनों पुरस्कारों के तहत 50-50 हजार रुपये की राशि और रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।


निशा सिन्हा को मुख्यमंत्री पुरस्कार

गरियाबंद की एसडीओपी निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए ‘मुख्यमंत्री पुरस्कार’ दिया गया। इसके तहत 50 हजार रुपये नकद और रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को उत्कृष्ट थाना संचालन के लिए ‘शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार’ के तहत 50 हजार रुपये और रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

वहीं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) बिलासपुर डी.आर. टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ के तहत 25 हजार रुपये और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।


पुलिस परेड ग्राउंड में दिखा अनुशासन और जोश

समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री, कोरबा विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई।

परेड में केंद्रीय अर्धसैनिक बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी और विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

स्वतंत्रता दिवस के इस राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित अधिकारियों और जवानों की सेवाओं को सराहा गया तथा कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और आपदा प्रबंधन में उनके योगदान को सम्मान दिया गया।