दुर्ग। भिलाई में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले निकाली गई भव्य कलश यात्रा में चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आई हैं। भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने महिलाओं को निशाना बनाया। करीब चार से पांच महिलाओं के गले से चेन झपटने की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कुछ संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
घटना के बाद कलश यात्रा में शामिल महिलाओं में नाराजगी देखी गई। वहीं, कथा से पहले हुई इन घटनाओं ने आयोजन स्थल और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शिव महापुराण कथा का आयोजन बोल बम एवं कल्याण समिति की ओर से किया जा रहा है।
11 हजार से ज्यादा महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
भिलाई के सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा आयोजित की जा रही है। कथा शुरू होने से एक दिन पहले रविवार को सेक्टर-5 मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकाली गई।
रिमझिम बारिश के बीच निकली इस यात्रा में 11 हजार से ज्यादा महिलाओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालु कलश लेकर सेक्टर-5 मंदिर से रवाना हुए और जयंती स्टेडियम स्थित कथा पंडाल पहुंचे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने से पूरे मार्ग पर भारी भीड़ रही।
भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से झपटी चेन
बताया जा रहा है कि कलश यात्रा में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचिंग करने वालों ने महिलाओं को निशाना बनाया। यात्रा के दौरान करीब चार से पांच महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग की शिकायतें सामने आईं।
घटनाओं का पता चलते ही पीड़ित महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई। आयोजन से पहले इतनी बड़ी धार्मिक यात्रा में हुई वारदातों के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
700 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस के मुताबिक, शिव महापुराण कथा को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 20 राजपत्रित अधिकारियों सहित 700 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग के प्रयास से जुड़ी शिकायतें मिली हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ
मामले में पुलिस ने दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोपों की पुष्टि होने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कथा में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, पुलिस के सामने चुनौती
शिव महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में कथा शुरू होने से पहले कलश यात्रा में सामने आई चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती बढ़ा दी है। अब कथा के दौरान भीड़ प्रबंधन के साथ श्रद्धालुओं के सामान और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस के लिए अहम होगा।




