भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऑनलाइन निवेश के नाम पर बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। भिलाई निवासी 61 वर्षीय रिटायर्ड बीएसपी कर्मचारी और पूर्व सैनिक जयंत बागची से साइबर ठगों ने कथित तौर पर 45 लाख 18 हजार 998 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर चर्चित हस्तियों के नाम का इस्तेमाल कर निवेश से जुड़ा विज्ञापन दिखाया था।
फेसबुक विज्ञापन देखकर किया रजिस्ट्रेशन
जानकारी के मुताबिक, 10 मार्च 2026 को फेसबुक चलाते समय जयंत बागची को ऑनलाइन निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन को भरोसेमंद समझकर उन्होंने दिए गए लिंक पर रजिस्ट्रेशन कर दिया।
इसके बाद उनसे निवेश प्रक्रिया के नाम पर पहले 18,998 रुपये जमा कराए गए। बाद में अलग-अलग लोगों ने संपर्क कर ऑनलाइन ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया।
गोल्ड और ऑयल ट्रेडिंग के नाम पर लाखों जमा
आरोप है कि साइबर ठगों ने पीड़ित को गोल्ड और ऑयल ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा मिलने का लालच दिया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में कई किस्तों में रकम ट्रांसफर कराई गई।
इस तरह पीड़ित से कथित तौर पर कुल ₹45,18,998 जमा करा लिए गए।
खाते में दिखाया बड़ा मुनाफा
जब पीड़ित ने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की तो कथित ट्रेडिंग अकाउंट में भारी मुनाफा दिखाया गया। रकम निकालने के बदले आरोपियों ने उनसे अतिरिक्त टैक्स जमा करने को कहा।
बार-बार और रकम मांगे जाने पर पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ।
साइबर हेल्पलाइन पर की शिकायत
ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और बैंक को भी मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की।
बैतूल से 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस बैंकिंग ट्रांजेक्शन के आधार पर 24 वर्षीय विशाल नागले तक पहुंची और उसे मध्यप्रदेश के बैतूल से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी 9वीं तक पढ़ा है। अब मामले में साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।




