मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई। मानपुर विकासखंड के औंधी गांव में बारिश के पानी से भरी डबरी में 6 वर्षीय बच्चा डूबने लगा। छोटे भाई को बचाने के लिए उसकी 12 वर्षीय बहन भी पानी में उतर गई, लेकिन दोनों बाहर नहीं निकल सके। हादसे के बाद परिवार के साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


खेत में खेलते समय डबरी में गिरा छोटा भाई

घटना औंधी थाना क्षेत्र की है। औंधी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नवल साव ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षक जीवन तिर्की की 12 वर्षीय बेटी सृष्टि तिर्की और 6 वर्षीय बेटा एलेक्स तिर्की गांव से लगे खेत में खेल रहे थे।

इसी दौरान दोनों खेत में बनी डबरी के पास पहुंच गए। लगातार बारिश के कारण डबरी में काफी पानी भरा हुआ था। खेलते समय एलेक्स पानी में चला गया और डूबने लगा।


भाई को बचाने उतरी बहन भी डूबी

छोटे भाई को पानी में डूबता देख सृष्टि उसे बचाने के लिए डबरी में उतर गई। उसने भाई को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक होने के कारण वह खुद भी बाहर नहीं निकल सकी। देखते ही देखते दोनों भाई-बहन पानी में डूब गए।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर खेत में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। उन्हें जब तक हादसे की जानकारी हुई और वे मौके तक पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी।


एक ही स्कूल में पढ़ते थे सृष्टि और एलेक्स

सृष्टि और एलेक्स उसी निजी स्कूल में पढ़ते थे, जहां उनके पिता जीवन तिर्की शिक्षक हैं। सृष्टि कक्षा छठवीं, जबकि एलेक्स कक्षा पहली का छात्र था।

हादसे से एक दिन पहले 15 अगस्त को दोनों भाई-बहन ने स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया था। अगले ही दिन हुए इस हादसे ने परिवार और स्कूल से जुड़े लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया।


शाम 3 से 4 बजे के बीच हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की और दोनों बच्चों के शवों को प्रारंभिक परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया।


बारिश के चलते 17 अगस्त को होगा पोस्टमार्टम

इलाके में लगातार बारिश के कारण दोनों शवों का पोस्टमार्टम तत्काल नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम 17 अगस्त को कराया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षण के बाद शवों को फिलहाल परिवार के पास रखा गया है।

एक साथ दो बच्चों की मौत से तिर्की परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद औंधी गांव में शोक का माहौल है।