बालोद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवारीकला गांव में मंगलवार को एक महिला का खून से लथपथ शव उसके घर के कमरे में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतका की पहचान दया बाई साहू, पति चिमन साहू, निवासी नेवारीकला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस के साथ साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में हर एंगल से जांच जारी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।