सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अंधविश्वास और जमीन विवाद से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सोरीपारा गांव में 40 वर्षीय महिला पर कथित तौर पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया। पुलिस ने मामले में चार महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला शनिवार सुबह अपने घर की बाड़ी में उड़द की फलियां तोड़ रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला वहां पहुंची और उस पर ‘टोनही’ होने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसकी बहू और दो अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं और पीड़िता के साथ मारपीट की।

पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता के सिर, कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने बीच-बचाव कर महिला को छुड़ाया।

जमीन विवाद की रंजिश भी आई सामने

पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन संबंधी विवाद और पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। पीड़िता के पति की शिकायत पर रामानुजनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं और टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

चार आरोपी महिलाएं जेल भेजी गईं

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चारों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने सभी को 19 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।