रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (सीजी व्यापम) ने जल संसाधन विभाग में अनुरेखक (सिविल) के 35 पदों पर भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। जिन अभ्यर्थियों ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया है, वे अब व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। लिखित परीक्षा का आयोजन 2 अगस्त 2026 को किया जाएगा।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
अभ्यर्थी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रोफाइल लॉगिन के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र केवल ऑनलाइन उपलब्ध कराया गया है। किसी भी उम्मीदवार को डाक के माध्यम से एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा।
परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना होगा
व्यापम ने परीक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होगी, जबकि सुबह 9:30 बजे मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध फोटो आईडी का उपयोग कर सकते हैं। बिना वैध पहचान पत्र के परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी।
ड्रेस कोड का रखें विशेष ध्यान
व्यापम ने परीक्षा के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के, आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। काले, गहरे नीले, हरे, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़ों से बचने को कहा गया है। जूते पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी, केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
इन वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध
मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी और किसी भी प्रकार के आभूषण परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
यदि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने या परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की समस्या आती है तो अभ्यर्थी व्यापम के हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 या 8269801982 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं। व्यापम ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी प्रवेश पत्र सुरक्षित रखें, क्योंकि चयन प्रक्रिया के दौरान इसकी आवश्यकता पड़ सकती है।





