पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र स्थित पीवी-89 विवेकानंद नगर लघु जलाशय नहर लाइनिंग निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर जल संसाधन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद विभाग ने संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

विभागीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि नहर की लाइनिंग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। कहीं दरारें दिखाई दीं तो कहीं निर्माण कार्य तकनीकी मानकों और स्वीकृत डिज़ाइन के अनुरूप नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में निर्माण की गुणवत्ता में कमी सामने आने पर विभाग ने इसे गंभीर मामला माना है।

जल संसाधन विभाग ने ठेकेदार को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय पर सुधार कार्य नहीं कराया गया तो भुगतान रोकने समेत नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।