सक्ती। मिनीमाता बांगो बांध में पानी की आवक कम होने के बाद जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। बांध में जलभराव को नियंत्रित रखने के लिए वर्तमान में 7 जलद्वारों और पावर हाउस के माध्यम से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। बांध का जलस्तर फिलहाल 358.18 मीटर है और इसमें 91.18 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे से सुबह 9 बजे के बीच बांध में पानी की आवक कम हुई। इसके चलते जलस्तर में करीब 4 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। स्थिति को देखते हुए जलद्वारों की कुल ओपनिंग को 4 मीटर से घटाकर 3 मीटर कर दिया गया है।
20,280 क्यूसेक पानी की आवक
बांगो बांध में वर्तमान समय में 20,280 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 25,848 क्यूसेक पानी बाहर छोड़ा जा रहा है। अतिरिक्त पानी की निकासी सात जलद्वारों के साथ पावर हाउस के माध्यम से की जा रही है।
जल संसाधन विभाग बांध के जलस्तर और पानी की आवक-जावक पर लगातार नजर बनाए हुए है। पानी की मात्रा में बदलाव के अनुसार जलद्वारों की ओपनिंग को नियंत्रित किया जा रहा है।





