रायपुर। बारिश के मौसम में सड़कों पर यातायात व्यवस्था संभालने वाले पुलिस जवानों की सुविधा के लिए राजधानी रायपुर में सराहनीय पहल की गई है। उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, भांठागांव और NH MMI हॉस्पिटल, पचपेड़ी नाका-लालपुर की ओर से यातायात पुलिस के जवानों के लिए कुल 400 रेनकोट उपलब्ध कराए गए हैं। दोनों अस्पतालों ने 200-200 रेनकोट प्रदान किए।
इस सहयोग के लिए रायपुर यातायात पुलिस की ओर से सम्मान एवं आभार समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने दोनों अस्पतालों के प्रतिनिधियों और चिकित्सकों का सम्मान किया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से उपलब्ध कराए गए रेनकोट जवानों को वितरित किए गए।
अस्पताल प्रतिनिधियों को दिया प्रशस्ति पत्र
समारोह में पुलिस आयुक्त रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला के हस्ताक्षरयुक्त प्रशस्ति पत्र उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल और NH MMI हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों को प्रदान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के सामाजिक सरोकार और यातायात जवानों के प्रति सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात रमेश येरेवार, सहायक पुलिस आयुक्त कमलजीत पाटले, सतीश ठाकुर और सीमा अहिरवार समेत यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बारिश और धूप में सड़कों पर संभालते हैं मोर्चा
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात पुलिस के जवान बारिश, तेज धूप और अन्य प्रतिकूल मौसम में भी सड़कों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखते हैं। ऐसे में अस्पतालों की ओर से दिए गए रेनकोट जवानों के लिए उपयोगी होने के साथ उनके समर्पण और सेवाभाव के प्रति सम्मान का प्रतीक भी हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, समाज और संस्थाओं की ऐसी सहभागिता पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाती है और उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करती है। रायपुर यातायात पुलिस ने दोनों अस्पतालों के सहयोग के लिए आभार जताया।





