जगदलपुर। जगदलपुर-कोंडागांव मार्ग पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के काफिले में शामिल एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कुछ पुलिस जवान घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताते हुए घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जगदलपुर-कोंडागांव मार्ग पर उनके कैबिनेट सहयोगी केदार कश्यप के काफिले में शामिल वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने और जवानों के घायल होने का दुखद समाचार मिला है। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
मां दंतेश्वरी से की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां दंतेश्वरी से सभी घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने जवानों के बेहतर उपचार और जल्द स्वस्थ होकर अपने कर्तव्य पर लौटने की कामना की है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप का काफिला जगदलपुर-कोंडागांव मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले में शामिल एक वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने घायल जवानों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायल जवानों के स्वास्थ्य पर प्रशासन की नजर
घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी घायल जवानों के स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। वहीं, वाहन दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने सभी घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वे शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर दोबारा अपने कर्तव्य पर लौटें।





