रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पर निशाना साधा। शर्मा ने आरोप लगाया कि पीएम आवास के आंकड़ों को लेकर भूपेश बघेल गलत जानकारी देकर जनता के बीच भ्रम पैदा कर रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय शर्मा ने पीएम आवास के अलावा नक्सलवाद, सौरभ चंद्राकर प्रकरण और प्रदेश में प्रस्तावित ओपन जेलों को लेकर भी सरकार का पक्ष रखा।
‘10 लाख 60 हजार आवास पूर्ण होने की बात कही थी’
विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखे पत्र में उन्होंने 10 लाख 60 हजार आवास पूर्ण होने का उल्लेख किया था। उनका आरोप है कि पीएम आवास के आंकड़ों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार सवाल उठा रहे हैं, लेकिन जब इस विषय पर चर्चा की बात आती है तो वे चर्चा में शामिल नहीं होते।
शर्मा ने कहा कि पीएम आवास के मामले में तत्कालीन उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी पूर्व मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। इसके अलावा विभागीय सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों की ओर से भी इस संबंध में पत्राचार किया गया था।
PMAY-G के साथ PM जनमन के आवास भी शामिल
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आवास से संबंधित आंकड़ों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के साथ पीएम जनमन योजना के तहत बनाए जा रहे आवास भी शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर आंकड़ों को लेकर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाते हुए भूपेश बघेल को खुली चर्चा की चुनौती दी। शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जहां चाहें, वह पीएम आवास के मुद्दे पर उनसे चर्चा करने के लिए तैयार हैं।
नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
विजय शर्मा ने नक्सलवाद को लेकर भी कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी का नक्सलवाद को लेकर रुख स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है और प्रभावित क्षेत्रों में विकास तथा पुनर्वास से जुड़े काम भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। शर्मा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के रुख पर भी सवाल उठाए। नक्सल कमांडर हिड़मा को लेकर दिए गए संदर्भों पर भी उन्होंने कांग्रेस को घेरा।
सौरभ चंद्राकर केस पर बोले- दोषियों को भेजेंगे जेल
सौरभ चंद्राकर मामले को लेकर विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र की संबंधित एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। आरोपी को छत्तीसगढ़ लाए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उसे यहां लाया जाएगा और मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
भूपेश बघेल के ‘बहुत लोग एक्सपोज होंगे’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए शर्मा ने कहा कि जांच में चाहे कोई भी व्यक्ति शामिल पाया जाए, तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी को जांच पूरी होने तक धैर्य रखना चाहिए।
छत्तीसगढ़ में खोले जाएंगे 12 ओपन जेल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय शर्मा ने प्रदेश में जेल सुधारों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत छत्तीसगढ़ में 12 ओपन जेल खोलने की योजना पर काम किया जा रहा है।
ओपन जेल की व्यवस्था के तहत पात्र कैदियों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा और सुबह-शाम हाजिरी देनी होगी। शर्मा के अनुसार, बेमेतरा में ओपन जेल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि अन्य स्थानों पर भी इस दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था, नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और जेल सुधार जैसे विषयों पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





