रायपुर। छत्तीसगढ़ में गौठानों की स्थिति और सड़कों पर घूमते मवेशियों को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि गौठानों की बदहाल व्यवस्था के कारण मवेशी सड़कों पर घूम रहे हैं और इससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं, मंत्री राजेश अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार गौठानों की व्यवस्था सुधारने के साथ आने वाले समय में वहां सुविधाओं का विस्तार करेगी।
अमरजीत भगत बोले- गौठानों की हालत खराब
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि प्रदेश में गौठानों की स्थिति ठीक नहीं है और मवेशियों के सड़कों पर आने से हादसे हो रहे हैं। उन्होंने सरगुजा की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक पंचायत के लोग अपनी समस्या लेकर मवेशियों के साथ कलेक्ट्रेट तक पहुंच गए थे।
भगत ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की गोबर खरीदी योजना से ग्रामीणों और पशुपालकों को फायदा मिल रहा था, लेकिन मौजूदा सरकार ने इस व्यवस्था को बंद कर दिया।
राजेश अग्रवाल का जवाब- गौठानों में बढ़ेंगी सुविधाएं
अमरजीत भगत के आरोपों पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि गौठान योजना कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी, लेकिन उनके रखरखाव और पशुओं के चारे के लिए पर्याप्त राशि की स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई थी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गौठानों की व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। आने वाले समय में गौठानों की संख्या और उनमें उपलब्ध सुविधाओं को बढ़ाने की योजना है, ताकि गोवंश की बेहतर देखरेख सुनिश्चित की जा सके।
UCC को लेकर भी आमने-सामने
प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। अमरजीत भगत ने UCC का विरोध करते हुए इसे जनविरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय भाजपा UCC और SIR जैसे मुद्दों को आगे लाती है।
इस पर राजेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस अच्छे कार्यों का विरोध करती रही है। उन्होंने दावा किया कि UCC प्रदेश में लागू होगा और इससे जनता को लाभ मिलेगा।
बारिश के बाद शुरू होगा सड़कों की मरम्मत का काम
प्रदेश में खराब सड़कों के सवाल पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जिन इलाकों में सड़कें ज्यादा खराब हैं, वहां मरम्मत कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। बारिश समाप्त होते ही निर्माण और मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगले चार से छह महीनों में खराब सड़कों की मरम्मत के काम को गति दी जाएगी। अंबिकापुर की रायगढ़ रोड समेत कई बड़े कार्यों के लिए भी टेंडर हो चुके हैं।
नक्सलवाद पर भी मंत्री ने कांग्रेस को घेरा
नक्सलवाद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर राजेश अग्रवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया।
मंत्री ने दावा किया कि मौजूदा सरकार और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है।





