कवर्धा। छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 में रिक्त बताए जा रहे करीब 1600 पदों को भरने और दूसरी चयन सूची जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे युवक-युवतियों ने कवर्धा में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद अभ्यर्थी आंदोलन स्थल पर डटे रहे।
डिप्टी सीएम कार्यालय के सामने जुटे अभ्यर्थी
प्रदर्शन के दूसरे दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी डिप्टी सीएम कार्यालय के सामने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने नगाड़ा बजाकर और नारेबाजी कर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर खींचने का प्रयास किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन डिप्टी सीएम को सौंपना चाहते हैं।
5967 पदों पर निकली थी भर्ती
अभ्यर्थियों के मुताबिक, जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती 2023-24 के तहत कुल 5967 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि इनमें करीब 4367 अभ्यर्थियों का चयन और नियुक्ति हो चुकी है, जबकि लगभग 1600 पद अब भी रिक्त हैं। उनका कहना है कि एक अभ्यर्थी का एक से अधिक जिलों की चयन सूची में नाम आने सहित विभिन्न कारणों से सभी पद नहीं भर सके।
दूसरी चयन सूची जारी करने की मांग
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि रिक्त पदों को भरने के लिए दूसरी चयन सूची या प्रतीक्षा सूची जल्द जारी की जाए। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित होने के कारण अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने एक सप्ताह के भीतर सूची जारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी थी।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
प्रदर्शन को देखते हुए कवर्धा में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। कबीरधाम एसपी जितेंद्र कुमार यादव के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। शुक्रवार को रास्ता बाधित होने की स्थिति में नियमानुसार मामला दर्ज किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
बारिश और खराब मौसम के बावजूद अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन जारी रखा। अब उनकी नजर सरकार के अगले कदम पर है और वे रिक्त पदों पर जल्द निर्णय की मांग कर रहे हैं।





