बिलासपुर। रतनपुर स्थित प्रसिद्ध महामाया मंदिर के मुख्य द्वार के पास भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच पुराने चोरी के विवाद को लेकर जमकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष रतनपुर थाने पहुंचे और अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुराने विवाद को लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से चोरी से जुड़ा विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर महामाया मंदिर के गेट के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
तुषार पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पूछताछ के बहाने उसे मौके पर बुलाया गया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई। उसने मारपीट में चोट लगने और कपड़े फटने की बात भी शिकायत में कही है।
रेहाना बेगम ने भी लगाए मारपीट के आरोप
दूसरे पक्ष से रेहाना बेगम ने भी रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके बाल पकड़कर मारपीट की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
महामाया मंदिर के गेट के पास सार्वजनिक स्थान पर हुए इस विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद होता दिखाई दे रहा है।
फिलहाल रतनपुर पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





