बिलासपुर। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की है। शराब की कुल मात्रा करीब 9 लीटर और कीमत लगभग 4,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर रेलवे फाटक के पास घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है।
23 अगस्त को बिल्हा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक दगौरी शराब भट्ठी से बड़ी मात्रा में शराब लेकर मोटरसाइकिल से बिल्हा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और उडगन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AD 5263 को रोक लिया।
डिक्की और प्लास्टिक की बोरी से मिली शराब
पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों से पूछताछ की। मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने अपना नाम देवकुमार निर्मलकर (38), निवासी मंगला थाना बिल्हा बताया। वहीं पीछे बैठे युवक की पहचान शनि पटेल (32), निवासी मंगला थाना बिल्हा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की से 20 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। वहीं शनि पटेल के पास रखी सफेद प्लास्टिक की बोरी की जांच करने पर उसमें 30 पाव शराब मिली। इस तरह पुलिस ने कुल 50 पाव यानी करीब 9 लीटर देशी शराब जब्त की।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ बिल्हा थाने में अपराध क्रमांक 433/2026 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और सुमन चंद्रवंशी की अहम भूमिका रही।





