बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र के लोफंदी गांव में पानी की मोटर बंद करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पहुंचकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी शिकायत में लोफंदी निवासी प्राची टंडन ने बताया कि 15 सितंबर की रात देव लहरे, लक्की लहरे और रामकली लहरे उनके घर पहुंचे थे। पानी की मोटर बंद करने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि प्राची के पिता अशोक टंडन पर लकड़ी के बेंत से हमला किया गया। बीच-बचाव करने आई प्राची और उनकी मां कौशिल्या के साथ भी मारपीट हुई। तीनों को चोट आने पर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप
वहीं रामकली लहरे ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पति ने अशोक टंडन को खेती के लिए खेत दिया था। 15 सितंबर की रात बिजली आने पर वह अपने बेटों रमन उर्फ लक्की और देव के साथ खेत पहुंचीं, जहां पानी की मोटर बंद मिली। मोटर बंद होने का कारण पूछने पर विवाद हो गया।
रामकली का आरोप है कि अशोक टंडन, कौशिल्या और खुशबू ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान देव को लोहे के पाइप से चोट लगने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोनी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस अब एफआईआर, मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





