बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
युवक से मारपीट के बाद बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत एक पक्ष के युवक द्वारा दूसरे पक्ष के युवक से मारपीट किए जाने के बाद हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया।
नारेबाजी से और गरमाया माहौल
झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पथराव के चलते आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर खपरगंज और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
विवाद की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पथराव की शुरुआत कैसे हुई और विवाद में कौन-कौन शामिल था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।





