रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में एक ग्रामीण की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने गांव के ही नैहर साय मांझी (45) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आपसी कहासुनी और इलाज कराने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने चैतराम यादव उर्फ महेश यादव (50) पर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पखनाकोट निवासी चैतराम यादव की टांगी से हमला कर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद कापू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मृतक के परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गई।
रात में घर पहुंचा था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि 13 और 14 सितंबर की दरम्यानी रात नैहर साय मांझी मृतक के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद नैहर साय ने चैतराम यादव पर टांगी से हमला कर दिया।
हमले के बाद चैतराम का शव आरोपी के घर की परछी में जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर हत्या का प्रकरण दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इलाज कराने की बात पर हुआ था विवाद
पुलिस का दावा है कि आरोपी को गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि स्वयं के इलाज कराने की बात और आपसी कहासुनी को लेकर चैतराम यादव से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने टांगी से हमला कर दिया।
जंगल में पत्थर के नीचे छिपाई थी टांगी
वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर टांगी को छाताघुरा जंगल में ले जाकर पत्थर के नीचे छिपा दिया था। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस टीम जंगल पहुंची और बताए गए स्थान से वारदात में इस्तेमाल टांगी बरामद कर जब्त की।
इसके बाद नैहर साय मांझी को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद तेजी से जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया गया।





