अंबिकापुर। शहर में भाजपा नेता धीरज सिंह को पुलिस द्वारा एक होटल से थाने लाए जाने के बाद जमकर हंगामा हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से धीरज सिंह को थाने लाने का कारण पूछा और कार्रवाई के तरीके पर आपत्ति जताई।

घटना के दौरान थाने में सीएसपी एवं आईपीएस राहुल बंसल भी मौजूद थे। समर्थकों और पुलिस अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। हालात को देखते हुए थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

समर्थकों ने पूछा- किस शिकायत पर हुई कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से पूछते नजर आ रहे हैं कि धीरज सिंह के खिलाफ आखिर कौन-सी शिकायत है और उन्हें होटल से सीधे थाने क्यों लाया गया। पुलिस अधिकारी कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास करते दिखाई दिए।

कुछ देर चले हंगामे के बाद भाजपा कार्यकर्ता धीरज सिंह को अपने साथ थाने से लेकर चले गए।

यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो भी पहुंचीं थाने

इस घटनाक्रम के दौरान यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो भी थाने में मौजूद थीं। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने धीरज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब आकांक्षा टोप्पो वीडियो बना रही थीं और इसी दौरान धीरज सिंह वहां पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और टीम मौके पर पहुंचकर धीरज सिंह को थाने ले आई।

फिलहाल पूरे घटनाक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। हालांकि धीरज सिंह को थाने लाए जाने के आधार और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।