बिलासपुर। जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को दो अधिवक्ताओं के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई और दोनों एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर भिड़ गए। कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों अधिवक्ताओं को थाने ले गई। दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ओम प्रकाश और मुकेश बंजारे के बीच हुआ विवाद

सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट के अनुसार, अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे जिला न्यायालय परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट करने लगे।

कोर्ट परिसर में ड्यूटी कर रहे आरक्षक ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। वहां दोनों अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने पुरानी रंजिश की बात कही

पुलिस के मुताबिक, दोनों अधिवक्ता पहले भीम आर्मी से जुड़े रहे हैं और उनके बीच पहले से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने यह भी बताया कि ओम प्रकाश बंजारे का नाम बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट अग्निकांड मामले में सामने आया था और उनके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। मामले से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।