बिलासपुर। जिले में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। चकरभाठा और सिरगिट्टी थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चाकू लहराकर दहशत फैलाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से लोहे के धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस टीमों ने पेट्रोलिंग तेज करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है।

बोदरी चौक पर चाकू लहराते पकड़ा गया युवक

चकरभाठा पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बोदरी चौक पर एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विष्णु सूर्यवंशी (21), निवासी बोदरी, थाना चकरभाठा बताया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी हथियार रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस को देखकर भागने लगा दूसरा आरोपी

दूसरी कार्रवाई सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा रोड पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक सड़क पर चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है।

सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार लहरे (33), निवासी चुचुहियापारा गणेश नगर, थाना सिरगिट्टी के रूप में हुई।

उसके कब्जे से भी लोहे का धारदार चाकू जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 640/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नागरिकों से किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की गई है।