बिलासपुर। महिला से मारपीट कर सोने की चेन लूटने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को सिरगिट्टी पुलिस ने ओडिशा के राउरकेला से गिरफ्तार किया है। दोनों वारदात के बाद से फरार थे। पुलिस ने आरोपियों को बिलासपुर लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू सोनकर उर्फ टेनी (29), निवासी न्यू बस स्टैंड मछली मार्केट, थाना प्लांट साइट, राउरकेला और मोहम्मद इरफान अंसारी उर्फ झुले (19), निवासी माल गोदाम मदरसा, थाना उदित नगर, राउरकेला, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है।
फूल तोड़ रही महिला को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, घटना 19 जून 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे की है। महिला अपने घर के पास फूल तोड़ रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने महिला को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद आरोपी महिला के गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चेन और लॉकेट लूटकर फरार हो गए। लूटी गई चेन की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
दो आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
महिला की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इससे पहले नवीन साहू और प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं, सोनू सोनकर और इरफान अंसारी फरार चल रहे थे।
पुलिस ने दोनों की तलाश में मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान आरोपियों के ओडिशा के राउरकेला में छिपे होने की सूचना मिली।
राउरकेला में दबिश देकर दबोचा
सूचना के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस की टीम आवश्यक अनुमति लेकर राउरकेला पहुंची। वहां तलाश और दबिश के बाद सोनू सोनकर उर्फ टेनी और मोहम्मद इरफान अंसारी उर्फ झुले को हिरासत में लिया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में सिरगिट्टी थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।





