रायगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का धरमजयगढ़ जनजातीय गौरव दिवस के रंग में रंगा नजर आ रहा है। रविवार को दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है।

आदिवासी संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का होगा संगम

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना है।

प्रधानमंत्री मोदी का भी होगा संबोधन

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी निर्धारित है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया जाएगा याद

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। उनका जीवन आज भी जनजातीय समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

धरमजयगढ़ में आयोजित यह समारोह आदिवासी अस्मिता, एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

जनजातीय गौरव दिवस पर विशेष आयोजन: समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री रामविचार नेताम और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। आयोजन का सीधा प्रसारण भी किया जा रहा है।