राजनांदगांव, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना नेशनल हाईवे पर डीपीएस स्कूल के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

डीपीएस स्कूल के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, झंडा तालाब निवासी 26 वर्षीय रवि कुमार अपने साथी लोकेश कुमार के साथ मंगलवार रात मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान डीपीएस स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रवि कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि परगांव निवासी लोकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक अस्पताल में भर्ती

दुर्घटना के बाद घायल लोकेश को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना पर लालबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।