जशपुर, 8 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार तड़के भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। कुनकुरी क्षेत्र के सलियाटोली में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में दोनों वाहनों के सामने के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

सुबह पांच बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, रॉयल बस पटना से यात्रियों को लेकर रायपुर जा रही थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे सलियाटोली के पास सामने से आ रहे ट्रक के साथ उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।

बाल-बाल बचे बस में सवार यात्री

हादसे में ट्रक चालक की जान चली गई, जबकि बस में यात्रा कर रहे लोग सुरक्षित बच गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

दीपावली के दिन हुई इस दर्दनाक दुर्घटना से मृतक चालक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।